उत्तराखंड में युवक की हत्या कर आरोपियों ने शव को हरिद्वार के जंगलों में दफनाया
गोला
- 17 Feb 2026, 10:30 PM
- Updated: 10:30 PM
देहरादून, 17 फरवरी (भाषा) देहरादून में एक युवक की उसके साथियों ने कथित रूप से बेसबॉल के बल्ले से हमला कर हत्या कर दी और उसके शव को हरिद्वार में चिड़ियापुर के जंगलों में दफना दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी ।
पुलिस ने बताया कि घटना का खुलासा आठ दिन बाद मंगलवार को हुआ जब लापता दिंगबर धीमान (28) की तलाश करते हुए पुलिस उस टैक्सी चालक तक पहुंची जिसकी टैक्सी में आरोपी उसके शव को ठिकाने लगाने के लिए लेकर गए थे।
पुलिस ने बताया कि टैक्सी चालक की निशानदेही पर धीमान के शव को चिड़ियापुर के जंगल से बरामद करते हुए उसके शव को छिपाने में संलिप्त होने के आरोप में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान राजनन्दन के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग के साथ कथित दुष्कर्म का आरोपी धीमान अपने खिलाफ चल रहे मुकदमे की तारीख पर नौ फरवरी को अपने पिता के साथ अदालत गया था। अदालत से अगली तारीख मिलने के बाद उसने अपने पिता को घर जाने को कहते हुए खुद कुछ समय बाद लौटने की बात कही। हालांकि, वह वापस घर नहीं आया।
पुलिस के मुताबिक, धीमान के पिता ने 11 फरवरी को उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करायी जिसके बाद उसकी तलाश शुरू की गयी। इस दौरान पता चला कि धीमान के साथी, जो अक्सर उसके साथ बैठकर नशा करते थे, वे भी उसके लापता होने के बाद से अपने घरों से गायब हैं।
पुलिस ने बताया कि संदेह के आधार पर पुलिस दलों द्वारा लापता धीमान के साथ ही उसके गायब साथियों के संबंध में भी जानकारी जुटाने हेतु मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और उन लोगों के परिजनों व आस-पास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की गई तो नौ फरवरी की रात को लापता साथियों में से एक हेमन्त सेमवाल के रेसकोर्स सी-ब्लाक स्थित कमरे से टैक्सी से कहीं जाने की जानकारी मिली।
उन्होंने बताया कि सीसीटीवी कैमरों के जरिए टैक्सी के संबंध में जानकारी प्राप्त करते हुए न्यू पटेलनगर के रहने वाले उसके चालक राजनन्दन ठाकुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी तो उसने बताया कि सेमवाल तथा उसके साथी उसकी टैक्सी में एक व्यक्ति के शव को कंबल में लपेटकर ले गए थे और उसे उन्होंने चिड़ियापुर के जंगलों में ले जाकर रेत में दबा दिया था।
ठाकुर ने यह भी बताया कि रास्ते में आरोपियों ने उसे बताया था कि शराब के नशे में उनका धीमान से विवाद हो गया था और इस दौरान उन्होंने बेसबाल के बल्ले से गलती से उसके सिर पर वार कर दिया था जिससे उसकी मृत्यु हो गई थी ।
पुलिस अधीक्षक (नगर) प्रमोद कुमार ने कहा, ''घटना में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीम गठित कर संभावित स्थानों के लिए रवाना की गयी है। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।''
भाषा दीप्ति गोला
गोला
1702 2230 देहरादून