अमेरिका की मध्यस्थता वाली वार्ता के लिए जिनेवा पहुंचे रूस और यूक्रेन के अधिकारी
रंजन
- 17 Feb 2026, 08:11 PM
- Updated: 08:11 PM
जिनेवा, 17 फरवरी (एपी) रूस-यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए अमेरिका की मध्यस्थता में एक और दौर की शांति वार्ता को लेकर मंगलवार को युद्धग्रस्त दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडल जिनेवा में हैं।
यूक्रेन पर रूस के हमले के चार साल पूरे होने से एक सप्ताह पहले यह वार्ता हो रही है।
हालांकि, नयी वार्ता में किसी भी तरह की सफलता की उम्मीदें कम हैं, क्योंकि अमेरिका द्वारा समझौते के लिए जून की समय सीमा निर्धारित करने के बावजूद, दोनों पक्ष प्रमुख क्षेत्रीय मुद्दों और भविष्य की सुरक्षा गारंटी पर अपने रुख से पीछे हटने को तैयार नहीं दिख रहे हैं।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि उनकी सरकार का प्रतिनिधिमंडल स्विट्जरलैंड में है।
रूस की सरकारी समाचार एजेंसी 'तास' के अनुसार रूसी प्रतिनिधिमंडल भी वहां पहुंच गया है और दो दिन की वार्ता आज शुरू होने की संभावना है।
अधिकारियों ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ और दामाद जेरेड कुशनर के प्रतिनिधिमंडलों के साथ बैठक के दौरान रूसी कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्र के भविष्य के बारे में चर्चा होने की उम्मीद है। रूसी अधिकारी अब भी यूक्रेन से अपने पूर्वी डोनबास क्षेत्र का नियंत्रण हासिल करने पर जोर दे रहे हैं।
जिनेवा में तीनों देशों के सैन्य नेता इस बात पर चर्चा करेंगे कि युद्धविराम की निगरानी कैसे की जाएगी और इसे लागू करने के लिए क्या आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अबू धाबी में हुई पिछली वार्ता के दौरान, सैन्य नेताओं ने इस बात पर विचार किया कि एक विसैन्यीकृत क्षेत्र की व्यवस्था कैसे की जा सकती है और तीनों देशों की सेनाएं आपस में कैसे संवाद कर सकती हैं।
रूसी सत्ता के केंद्र 'क्रेमलिन' के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने पहले दिन की वार्ता में किसी भी नतीजे की संभावना से इंकार करते हुए कहा कि वार्ता बुधवार को भी जारी रहेगी। मॉस्को ने पिछली वार्ताओं के बारे में बहुत कम जानकारी दी है।
ट्रंप ने जिनेवा में हो रही बैठक को "महत्वपूर्ण" बताया है। फ्लोरिडा स्थित अपने आवास से वाशिंगटन लौटते समय सोमवार देर रात उन्होंने पत्रकारों से कहा, ''यूक्रेन को जल्द से जल्द बातचीत के लिए आगे आना चाहिए।''
रूसी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के सलाहकार व्लादिमीर मेडिंस्की कर रहे हैं।
यूरोप में अमेरिकी सेना और नाटो बलों के कमांडर जनरल एलेक्सस ग्रिनकेविच और अमेरिकी सेना के सचिव डैन ड्रिस्कॉल, अमेरिकी सेना की ओर से जिनेवा में होने वाली बैठक में भाग लेंगे और अपने रूसी और यूक्रेनी समकक्षों से मुलाकात करेंगे। अमेरिकी कमांडर के प्रवक्ता कर्नल मार्टिन ओ'डोनेल ने यह जानकारी दी।
इस बीच, जेलेंस्की के अनुसार, रूस ने रात भर में लंबी दूरी के लगभग 400 ड्रोन और विभिन्न प्रकार की 29 मिसाइलों का इस्तेमाल करते हुए यूक्रेन के 12 क्षेत्रों पर हमला किया, जिसमें बच्चों सहित नौ लोग घायल हो गए।
यूक्रेन के राष्ट्रपति ने कहा कि लगातार हो रहे हमलों के लिए मॉस्को को ''जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए'', क्योंकि ये हमले शांति के लिए अमेरिकी प्रयासों को कमजोर करते हैं।
एपी आशीष रंजन
रंजन
1702 2011 जिनेवा