मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने डीडीए की बहुस्तरीय पार्किंग स्थल का उद्घाटन किया
मनीषा
- 16 Feb 2026, 03:21 PM
- Updated: 03:21 PM
नयी दिल्ली, 16 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को नेहरू प्लेस डिस्ट्रिक्ट सेंटर में दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) द्वारा निर्मित छह मंजिला बहुस्तरीय पार्किंग का उद्घाटन करने के बाद कहा कि राष्ट्रीय राजधानी की पुरानी समस्याओं को हल करने के लिए तेज़ी से काम किया जा रहा है।
गुप्ता ने कहा कि नेहरू प्लेस को आज से पार्किंग की समस्या का समाधान मिलना शुरू हो गया है और उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना की उपस्थिति में छह मंजिला बहुस्तरीय पार्किंग का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से लेकर दिल्ली सरकार और उसके अधिकारियों के बीच समन्वय और सहयोग के कारण ही दिल्ली का विकास हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, " यह दुर्भाग्यपूर्ण था कि पिछली सरकार ने केंद्र और उपराज्यपाल के साथ मिलकर काम नहीं किया। अब दिल्ली का विकास हो रहा है, यह स्वच्छ हो रही है, यह सब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुए व्यापक समन्वय, उपराज्यपाल के मार्गदर्शन, दिल्ली सरकार की कड़ी मेहनत और हमारे अधिकारियों के समर्पण के कारण संभव हो रहा है।"
गुप्ता ने कहा कि उपराज्यपाल वी.के. सक्सेना ने नई सरकार को हर कदम पर मार्गदर्शन दिया, यही कारण है कि अब इतने सारे विकास कार्य हो रहे हैं। इस कार्यक्रम में सक्सेना भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 60 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह नया आधुनिक, छह मंजिला पार्किंग स्थल शहर की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक, यानी पार्किंग के स्थान की समस्या को हल करने की दिशा में एक कदम है।
उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि यह बहुस्तरीय पार्किंग पूरी तरह भूकंपरोधी एवं सीसीटीवी कैमरों से लैस है। उनके मुताबिक, इसमें इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की चार्जिंग की सुविधा है और यह दिव्यांगजनों के लिए भी पूरी तरह अनुकूल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली की पुरानी समस्याओं का समाधान अब तेजी से हो रहा है तथा दिल्ली को जो आधुनिक सुविधाएं चाहिए, उन्हें मिशन मोड में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने पत्रकारों से कहा कहा, "दिल्ली में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए सभी एजेंसियां मिलकर काम कर रही हैं। एमसीडी (दिल्ली नगर निगम) की पार्किंग पर अनेकों नई परियोजनाएं बनाने की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है। डीडीए अपना काम कर रहा है।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार भी हर जगह पार्किंग सुव्यवस्थित करने के लिए काम कर रही है ताकि यातायात जाम कम हो और सड़कों पर गाड़ियां सुचारु रूप से चल सकें।
उन्होंने कहा कि अब नेहरू प्लेस आने वाले हजारों लोगों को पार्किंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और इस पूरे इलाके में यातायात जाम से भी राहत मिलेगी।"
भाषा नोमान मनीषा
मनीषा
1602 1521 दिल्ली