मेघालय कोयला खदान विस्फोट : मृत घोषित किया गया मजदूर असम में अपने घर लौटा
माधव
- 14 Feb 2026, 09:04 PM
- Updated: 09:04 PM
श्रीभूमि/हैलाकांडी (असम), 14 फरवरी (भाषा) मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स कोयला खदान विस्फोट में मृत घोषित किया गया एक मजदूर असम के श्रीभूमि जिले में अपने घर लौट आया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गयी। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
इस घटना के बाद दोनों पड़ोसी राज्यों की पुलिस ने विस्फोट के बाद मजदूर की अप्रत्याशित वापसी से संबंधित परिस्थितियों की संयुक्त जांच शुरू कर दी है।
जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''मजदूर श्रीभूमि जिले के रामकृष्ण नगर सर्कल के मुलियाला गांव स्थित अपने घर पर बृहस्पतिवार को पहुंचा। इससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई क्योंकि उसे मृत मानकर पहले ही अंतिम संस्कार किया जा चुका था।''
उन्होंने बताया कि 44 वर्षीय श्यामबाबू सिंघा से फोन पर संपर्क न होने के कारण विस्फोट के बाद उनका परिवार उन्हें ढूंढने के लिए मेघालय गया था।
अधिकारी ने बताया, ''सिंघा का पता न चलने पर स्थानीय अधिकारियों ने उनकी पत्नी और बेटी को अस्पताल पहुंचाया। धमाके के कारण अधिकतर मृतकों के चेहरों पर इतनी ज्यादा चोटें थीं कि उनकी पहचान करना मुश्किल था। उनके परिवार ने एक शव की पहचान सिंघा के रूप में की।''
उन्होंने बताया कि इसके बाद प्राधिकारी शव लेकर उसके पैतृक स्थान पहुंचे और हिंदू रीति-रिवाजों से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
अधिकारी ने कहा, ''मेघालय और असम पुलिस ने घटनाक्रम की संयुक्त जांच शुरू कर दी है। चूंकि यह बहुत ही संवेदनशील मामला है और जांच जारी है, इसलिए हम इससे आगे कुछ नहीं कह सकते।''
उन्होंने यह भी कहा कि परिवार से अनुरोध किया गया है कि वे इस अप्रत्याशित घटनाक्रम के कारण और स्थिति स्पष्ट होने तक मीडिया से बात न करें।
मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के म्यनसंगट गांव के थांगस्कू क्षेत्र में एक अवैध कोयला खदान में पांच फरवरी को हुए विस्फोट में कम से कम 31 लोगों की जान चली गई।
मेघालय पुलिस ने खदान में विस्फोट की जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित किया है।
राज्य सरकार ने नौ फरवरी को विस्फोट स्थल पर खोज और बचाव अभियान को रोक दिया था, क्योंकि आकलन दलों ने यह निष्कर्ष निकाला था कि खदान में किसी जीवित व्यक्ति के फंसे होने की अब कोई संभावना नहीं है।
भाषा
गोला माधव
माधव
1402 2104 श्रीभूमि