हिप्र: स्कूल में मध्याह्न भोजन बनाने वाली महिला की विद्यार्थियों के सामने दिनदहाड़े हत्या
नेत्रपाल
- 13 Feb 2026, 08:16 PM
- Updated: 08:16 PM
शिमला/धर्मशाला, 13 फरवरी (भाषा) हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में देहरा क्षेत्र के चिनौर गांव में एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में मध्याह्न भोजन बनाने वाली 58 वर्षीय एक महिला की दिनदहाड़े बच्चों के सामने हत्या कर दी गई। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी राकेश कुमार (48) को घटना के 30 मिनट बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
इसने कहा कि यह घटना बृहस्पतिवार दोपहर उस समय हुई, जब आरोपी विद्यालय परिसर में घुसा और चिनौर निवासी सुलोचना देवी पर स्कूल की रसोई में हंसिया से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि बच्चों की चीख सुनकर शिक्षक कक्षाओं से बाहर आए और उन्होंने देखा कि कुमार के हाथ में धारदार हथियार था जबकि सुलोचना रसोई में खून से लथपथ पड़ी थी।
अधिकारियों के मुताबिक, शिक्षकों ने कुमार को वहां से जाने के लिए कहा लेकिन उसने उन्हें धमकी दी और कुछ ही देर में पास के एक स्कूल के शिक्षक मौके पर पहुंचे तथा उस पर पथराव कर दिया, जिससे वह भागने पर मजबूर हो गया।
पुलिस ने बताया कि सुलोचना को तुरंत पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर फैलते ही कई अभिभावक स्कूल पहुंचे और बाहरी लोगों के स्कूल परिसर में प्रवेश करने पर रोक लगाने की मांग की।
इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत और स्कूल में बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता फैल गई है।
पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) अधिनियम की धारा 103 के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
इसने कहा कि अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया और इस कृत्य के पीछे के मकसद का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस अधीक्षक मयंक चौधरी ने बताया कि पुलिस सभी साक्ष्यों को सावधानीपूर्वक एकत्र कर सुरक्षित रख रही है।
उन्होंने कहा कि तथ्यों पर आधारित गहन जांच जारी है और कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को शुक्रवार को कांगड़ा की एक अदालत में पेश किया गया और पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। उसे 17 फरवरी को फिर से अदालत में पेश किया जाएगा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिवार को सौंप दिया गया।
इस बीच, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शिक्षा विभाग को राज्य भर के सभी विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था की तत्काल समीक्षा करने का निर्देश दिया ताकि विद्यार्थियों, शिक्षकों, मध्याह्न भोजन कर्मचारियों और सहायक कर्मचारियों के जीवन की रक्षा की जा सके तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके।
भाषा जितेंद्र नेत्रपाल
नेत्रपाल
1302 2016 शिमला/धर्मशाला