केरल में विपक्ष के नेता ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार एवं करोड़ों रुपये की लूट का आरोप लगाया
नेत्रपाल
- 13 Feb 2026, 09:41 PM
- Updated: 09:41 PM
कोझिकोड, 13 फरवरी (भाषा) केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष वी डी सतीशन ने शुक्रवार को वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) सरकार पर तीखा हमला करते हुए उस पर ''भ्रष्टाचार, सार्वजनिक धन की लूट'' और आपराधिक आरोपों का सामना कर रहे पार्टी नेताओं एवं समर्थकों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
पिछले साल आयोजित ग्लोबल अय्यप्पा संगम से संबंधित हालिया ऑडिट निष्कर्ष का हवाला देते हुए सतीशन ने आरोप लगाया कि इससे सत्तारूढ़ गठबंधन के ''भ्रष्टाचार'' और ''करोड़ों की लूट'' उजागर हुई है।
केरल उच्च न्यायालय ने बुधवार को कहा कि ग्लोबल अय्यप्पा संगम की लेखापरीक्षा रिपोर्ट में कई कमियों और 'गंभीर विसंगतियों' का उल्लेख है। न्यायालय ने त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड (टीडीबी) के साथ-साथ केरल राज्य लेखापरीक्षा विभाग से स्पष्टीकरण मांगा।
विपक्ष के नेता ने आरोप लगाया कि इस आयोजन के सिलसिले में राज्य भर में मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले पोस्टर लगाने पर भारी मात्रा में सरकारी रकम खर्च की गई।
उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया, ''वह (एलडीएफ) अब (सत्ता से बाहर) जाने की राह पर है और जाते समय जो कुछ भी उसके हाथ लग रहा है, उसे वह लूट रहा है।''
सतीशन ने एक महिला फिल्म निर्माता द्वारा मुख्यमंत्री को यौन उत्पीड़न की शिकायत सौंपे जाने के बाद पूर्व विधायक पी टी कुंजू मोहम्मद के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने में हुई देरी पर भी चिंता जताई।
उन्होंने दावा किया कि मुख्यमंत्री को शिकायत मिलने के दो सप्ताह से अधिक समय बाद मामला दर्ज किया गया।
विपक्ष के नेता ने कहा, ''सरकार के करीबियों के प्रति यह अलग रवैया क्यों? मुख्यमंत्री पिनराई विजयन गृह विभाग के प्रमुख हैं। उन्हें शिकायत मिली थी और उन्हें देरी का कारण बताना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "केरल में ऐसी चीजें नहीं होनी चाहिए।"
वहीं, राज्य की उच्च शिक्षा मंत्री आर. बिंदू ने सतीशन के आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि सरकार ने इस मामले समेत हमेशा महिला-केंद्रित रुख अपनाया है।
उन्होंने कहा, "शिकायत मिलने पर सरकार ने उनके खिलाफ सभी कानूनी कदम उठाए और कार्रवाई की।"
मंत्री ने कहा कि उचित कदम उठाए गए हैं, इसलिए मामले को तोड़-मरोड़कर पेश करना गलत है।
बिंदू ने कहा, "यह सरकार हमेशा से सभी मुद्दों पर महिलाओं के साथ खड़ी रही है और आगे भी खड़ी रहेगी। किसी ने भी आरोपी कुंजू मोहम्मद को बचाने की कोशिश नहीं की है।"
खबरों के मुताबिक, पुलिस ने हाल में कुंजू मोहम्मद के खिलाफ मामले में आरोपपत्र दाखिल किया है।
भाषा राजकुमार नेत्रपाल
नेत्रपाल
1302 2141 कोझिकोड