दिल्ली सरकार अप्रैल में लाडली योजना के स्थान पर 'लखपति बिटिया योजना' शुरू करेगी
नेत्रपाल
- 10 Feb 2026, 11:13 PM
- Updated: 11:13 PM
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को कहा कि उनकी सरकार 2008 की लाडली योजना के स्थान पर अप्रैल में 'दिल्ली लखपति बिटिया योजना' शुरू करेगी।
गुप्ता ने एक प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 2008 में शुरू की गई मौजूदा 'दिल्ली लाडली योजना' का उन्नत संस्करण होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "हम एक अप्रैल को उन्नत योजना शुरू करेंगे और पुरानी लाडली योजना को बंद कर देंगे।"
उन्होंने कहा कि नयी योजना के तहत सरकार प्रत्येक लाभार्थी को अधिकतम 56,000 रुपये की वित्तीय सहायता देगी और यह राशि शिक्षा और आयु से जुड़े विभिन्न चरणों के अनुसार किस्तों में दी जाएगी, जिसकी शुरुआत जन्म से होगी और स्नातक या डिप्लोमा स्तर की पढ़ाई तक जारी रहेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संरचित वित्तीय साधन के माध्यम से निवेश की गई संचित राशि समय के साथ बढ़ेगी और परिपक्वता पर लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में सीधे जारी कर दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस योजना के लिए सरकार द्वारा जल्द ही एक अलग डिजिटल पोर्टल विकसित किया जाएगा।
गुप्ता ने कहा कि उन्नत योजना को लागू करने की वित्तीय लागत लगभग 160 करोड़ रुपये होगी और प्रति परिवार दो लड़कियों को वित्तीय सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, "जब हम सत्ता में आए, तो हमें पता चला कि इस योजना के लिए धनराशि बैंकों में...अप्रयुक्त पड़ी हुई है। हमारी सरकार ने लगभग 41,000 लाभार्थी लड़कियों का पता लगाया है, जिन्हें हम 100 करोड़ रुपये वितरित करने की योजना बना रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "यह हमारी लड़कियों के भविष्य और इस देश के भविष्य में एक निवेश है। धन की कमी के कारण कोई भी लड़की शिक्षा नहीं छोड़ेगी।"
गुप्ता ने कहा कि जब वर्तमान सरकार ने कार्यभार संभाला, तो यह पाया गया कि लाडली योजना के बड़ी संख्या में परिपक्व खाते बिना दावे के पड़े थे।
उन्होंने कहा, "1.86 लाख से अधिक परिपक्व खाते बिना दावे के पड़े हुए थे, जिसका मतलब है कि हमारी बेटियों के लिए निर्धारित राशि समय पर उन तक नहीं पहुंच पाई।"
मुख्यमंत्री ने कहा कि लाडली योजना को अब "लखपति बिटिया योजना" के नाम से जाना जाएगा, ताकि यह पता चल सके कि यह दीर्घकालिक प्रभाव के उद्देश्य से तैयार किया गया एक मजबूत संस्करण है।
यह योजना दिल्ली में जन्मी उन लड़कियों पर लागू होगी जिनके परिवार कम से कम तीन वर्षों से शहर में रह रहे हों और जिनकी वार्षिक पारिवारिक आय 1.20 लाख रुपये से अधिक न हो।
इस योजना का लाभ प्रति परिवार दो जीवित लड़कियों तक सीमित है।
भाषा नोमान नेत्रपाल
नेत्रपाल
1002 2313 दिल्ली