बजट में ओडिशा की अनदेखी की गयी : बीजद सदस्यों का आरोप
मनीषा
- 10 Feb 2026, 05:49 PM
- Updated: 05:49 PM
नयी दिल्ली, 10 फरवरी (भाषा) राज्यसभा में मंगलवार को बीजद सदस्यों ने केंद्र पर हमला बोलते हुए बजट की तीखी आलोचना की और कहा कि उनके प्रदेश ओडिशा की एक बार फिर अनदेखी की गयी है।
उच्च सदन में आम बजट 2026-27 पर चर्चा में भाग लेते हुए बीजू जनता दल (बीजद) सदस्य शुभाशीष खुंटिया ने दावा किया कि उनके प्रदेश में 'डबल इंजन' सरकार है लेकिन राज्य आगे जाने के बदले पीछे जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले 14 साल से कोयला रॉयल्टी स्थिर है और केंद्र ने इसमें कोई वृद्धि नहीं की है जिससे राज्य को हर साल राजस्व का नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य खनिज के मामलों में समृद्ध है लेकिन वहां से खनिज बाहर भेजे जा रहे हैं और राज्य में उद्योग नहीं लग रहे हैं जिससे रोजगार भी नहीं पैदा हो रहा है।
बीजद सदस्य ने कहा कि ओडिशा में रेलवे लाभ की स्थिति में है लेकिन नयी परियोजनाओं में राज्य की अनदेखी की गयी है।
चर्चा में भाग लेते हुए बीजद सदस्य सुलता देव ने भी केंद्र पर निशाना साधा और कहा कि इस बजट में ओडिशा के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य को न तो ट्रेन मिली और न ही राजमार्ग। उन्होंने कहा कि राज्य में पर्यटन के विकास के लिए भी कुछ नहीं किया गया।
उन्होंने कहा कि राज्य की मांग एक एम्स की थी, उसे भी पूरा नहीं किया गया। उन्होंने बजट में बांग्लादेश के लिए 60 करोड़ रुपये दिए जाने पर आपत्ति जतायी और कहा कि उस देश में हिन्दुओं को प्रताड़ित किया जा रहा है लेकिन सरकार उसे 60 करोड़ रुपये दे रही है। उन्होंने कहा कि यह 'लज्जाजनक' बात है।
चर्चा में बीजद के मानस रंजन मंगराज ने भी भाग लिया और राज्य से जुड़े मुद्दे उठाए।
चर्चा में भाग लेते हुए आईयूएमएल के अब्दुल वहाब ने बजट को केरल के लिए निराशाजनक बताया और कहा कि बजट के प्रावधानों में उनके प्रदेश की अनदेखी की गयी है। उन्होंने केरल की वाम मोर्चा सरकार पर भी निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह विभिन्न योजनाओं का प्रभावी ढंग से कार्यान्वयन नहीं कर रही है। उन्होंने केरल में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कदम उठाने की केंद्र से अपील की।
कांग्रेस की जेबी माथेर हीशम ने भी आरोप लगाया कि बजट में केरल की अनदेखी की गयी। उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि केरल में एम्स और हाई स्पीड रेल कॉरिडोर की घोषणा की जाएगी लेकिन वह पूरी नहीं हो सकी।
कांग्रेस सदस्य ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर केंद्र सरकार एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि भारत अमेरिका के सामने झुक गया। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने भारत पर अपनी बातें थोपीं और मोदी सरकार ने उसे स्वीकार किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भारत ने अपनी ऊर्जा सुरक्षा के साथ समझौता किया।
हीशम ने कहा कि व्यापार समझौते के कार्यान्वयन के लिए अमेरिका में एक निगरानी समिति गठित किए जाने की बात की गई है। उन्होंने इसे संप्रभुता के साथ समझौता करार दिया।
भाषा अविनाश मनीषा
मनीषा
1002 1749 संसद