आयकर की दरों में बदलाव नहीं होने से मध्यम वर्ग निराश : राघव चड्ढा
माधव
- 09 Feb 2026, 06:32 PM
- Updated: 06:32 PM
नयी दिल्ली, नौ फरवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) सांसद राघव चड्ढा ने सोमवार को राज्यसभा में कहा कि अगले वित्त वर्ष के बजट में आयकर की दरों में कोई बदलाव नहीं होने से मध्यम वर्ग निराश है।
उच्च सदन में 2026-27 के बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए आप सदस्य ने कहा कि लोगों को उम्मीद थी कि आयकर की सीमा में वृद्धि की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं होने से लोगों में खासकर वेतनभोगी वर्ग में निराशा है। उन्होंने कहा कि सरकार को निजी आय कर से मिली राशि कार्पोरेट कर से अधिक हो गयी है।
उन्होंने सरकार से मांग की कि आयकर मानक कटौती की सीमा 75,000 रुपये से बढ़ा कर डेढ़ लाख रुपये की जाए। उन्होंने कहा कि अगर आयकर की सीमा नहीं बढ़ा सकते हैं तो बचत पर राहत दी जानी चाहिए और प्रोत्साहन दिया जाना चाहिए। उन्होंने मुद्रास्फीति से संबद्ध वेतन व्यवस्था लागू किए जाने की भी मांग की।
उन्होंने कहा कि सरकार को गौर करना चाहिए कि विदेशी निवेशक बाजार से अपना पैसा क्यों निकाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को प्रयास करना चाहिए कि उसका कर्ज नहीं बढ़े लेकिन उसने कर्ज लेने के लिए फार्मूला ही बदल दिया।
चड्ढा ने लोक स्वास्थ्य पर खर्च बढ़ाए जाने की मांग करते हुए कहा कि भारत में सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का सिर्फ 0.5 प्रतिशत हिस्सा ही स्वास्थ्य पर खर्च किया जाता है जबकि विकसित देशों में यह राशि 18 प्रतिशत तक है।
जनता दल (यूनाइटेड) सदस्य संजय कुमार झा ने बजट के प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा कि दीर्घकालिक विकास और क्षमता निर्माण पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में वित्तीय अनुशासन, आर्थिक सुदृढ़ीकरण पर ध्यान दिया है और आधारभूत ढांचों का विकास किया जा रहा है।
जद (यू) सदस्य झा ने कहा कि सरकार की विभिन्न घोषणाओं से बिहार को काफी फायदा होगा। उन्होंने कहा कि वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर का एक अहम हिस्सा बिहार से गुजरेगा जिससे राज्य में निवेश भी होगा और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर मखाना किसानों के लिए कोई कदम नहीं उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने मखाना बोर्ड की स्थापना की है जिससे मखाना किसानों को काफी फायदा होगा। कोसी नदी में हर साल आने वाली भयंकर बाढ़ का जिक्र करते हुए झा ने कहा कि पिछले साल के बजट में इस पर नियंत्रण के लिए घोषणा की गई थी और इस दिशा में काम शुरू हो गया है।
माकपा सदस्य ए ए रहीम ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि बेरोजगारी दर चिंताजनक स्तर पर है और देश में नौकरियों को लेकर सुरक्षा का माहौल नहीं है। उन्होंने सेना में भर्ती की अग्निवीर योजना की भी आलोचना की।
भाषा अविनाश माधव
माधव
0902 1832 संसद