केरल सरकार के इशारे पर शबरिमला सोना चोरी मामले में जानकारी लीक कर रही है एसआईटी : अदूर प्रकाश
दिलीप
- 08 Feb 2026, 04:47 PM
- Updated: 04:47 PM
कोल्लम, आठ फरवरी (भाषा) केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के संयोजक अदूर प्रकाश ने रविवार को आरोप लगाया कि शबरिमला सोना चोरी मामले की जांच कर रही एसआईटी के कुछ अधिकारी राज्य की एलडीएफ सरकार के इशारे पर मीडिया को जानकारी लीक कर रहे हैं।
कांग्रेस सांसद ने विशेष जांच दल (एसआईटी) द्वारा हाल ही में की गई पूछताछ के संबंध में संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए यह बात कही। अदूर प्रकाश पर मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी से संबंध रखने का आरोप है।
केरल उच्च न्यायालय के निर्देशों के बाद गठित एसआईटी, पहाड़ी मंदिर में द्वारपालक (संरक्षक देवता) की मूर्तियों और श्रीकोविल (गर्भगृह) के दरवाजों से सोने की चोरी से संबंधित दो मामलों की जांच कर रही है।
एसआईटी ने अब तक इस मामले में 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें त्रावणकोर देवस्वओम बोर्ड के दो पूर्व अध्यक्ष भी शामिल हैं। दोनों ही मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) से जुड़े हुए हैं।
प्रकाश ने आरोप लगाया कि उनकी पूछताछ का विवरण एसआईटी के कुछ अधिकारियों द्वारा लीक किया गया था, जिन्हें विशेष रूप से ऐसा करने का काम सौंपा गया था।
कांग्रेस सांसद ने दावा किया, '' मुझे नहीं लगता कि एसआईटी के वरिष्ठ अधिकारियों ने ऐसा किया है। हालांकि, एसआईटी के अन्य अधिकारियों को विशिष्ट कार्य सौंपे गए थे, और उन्हीं कर्तव्यों के अनुसार जानकारी लीक की जा रही है।''
प्रकाश ने कहा कि उन्होंने निर्देशानुसार, समय मिलने के बाद एसआईटी के समक्ष पेशी की और उनसे पूछे गए सभी सवालों के जवाब दिए।
संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के संयोजक ने आरोप लगाया, ''बयान दर्ज करने के दौरान, ऐसी खबरें सामने आईं कि मुझसे मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी की मौजूदगी में पूछताछ की गई थी। यह पूरी तरह से झूठ है। इस तरह की जानकारी फैलाने के लिए, केरल की वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की सरकार ने एसआईटी के भीतर कुछ अधिकारियों को तैनात किया है।''
मुख्य आरोपी उन्नीकृष्णन पोट्टी के साथ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी से उनके आवास पर मुलाकात करते हुए प्रकाश की एक तस्वीर सामने आने के बाद वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने प्रकाश के खिलाफ आरोप लगाए हैं।
इससे पूर्व, आरोपों का जवाब देते हुए प्रकाश ने कहा कि वह पोट्टी से कई बार मिल चुके थे और उसके द्वारा आयोजित कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे। हालांकि, उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि शबरिमला सोना गायब होने के मामले से उनका कोई संबंध नहीं है।
उन्होंने कहा कि पोट्टी उनके निर्वाचन क्षेत्र का निवासी है और वह उसे अय्यप्पा के भक्त के रूप में जानते थे।
भाषा रवि कांत दिलीप
दिलीप
0802 1647 कोल्लम