'मोहब्बत की दुकान' की बात करने वाले 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी' जैसे नारे लगा रहे : प्रधानमंत्री
संतोष
- 05 Feb 2026, 11:00 PM
- Updated: 11:00 PM
नयी दिल्ली, पांच फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि विपक्षी दल लगातार मिली चुनावी हार को पचा नहीं पा रहा है और उनके प्रति गहरी नफरत रखने के बावजूद वह कभी उनकी कब्र नहीं खोद पाएगा क्योंकि करोड़ों भारतीयों का आशीर्वाद उनका कवच है।
राज्यसभा में राष्ट्रपति अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने लोकसभा में विपक्षी दल द्वारा डाले गए व्यवधान पर खेद जताया और कहा कि यह न केवल एक आदिवासी और महिला राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि उनके सर्वोच्च संवैधानिक पद और भारत के संविधान का भी अपमान है।
मोदी ने कहा कि उन्हें संविधान के बारे में बात करने का कोई हक नहीं है।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू पर राहुल गांधी की 'गद्दार' टिप्पणी की भी निंदा की और इसे पूरे सिख समुदाय का अपमान बताया और कहा कि यह सिखों के प्रति कांग्रेस की नफरत को दिखाता है। उन्होंने कहा कि लोगों को अपमानित करना कांग्रेस की संस्कृति का हिस्सा है।
प्रधानमंत्री ने तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
राज्यसभा ने विपक्षी सदस्यों की अनुपस्थिति में ध्वनि मत से धन्यवाद प्रस्ताव पारित कर दिया। विपक्ष के सदस्य प्रधानमंत्री का भाषण शुरू होने के कुछ ही देर बाद सदन से बाहर चले गए थे। उन्होंने प्रधानमंत्री के भाषण को बाधित करने की कोशिश करते हुए पहले नारे भी लगाए।
अपने करीब 100 मिनट के भाषण में, मोदी ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और कहा कि वह देश के विकास के लिए कोई दृष्टि देने में विफल रही, और केवल 'शाही परिवार' के हितों की सेवा करते हुए अपने खजाने भरती रही।
उन्होंने कांग्रेस के प्रथम परिवार पर महात्मा गांधी का उपनाम "चुराने" का आरोप लगाया।
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि 'मोदी तेरी कब्र खुदेगी' जैसे नारे लगाकर कांग्रेस उनके प्रति गहरी नफरत को प्रदर्शित कर रही है। उन्होंने कहा कि इस तरह की नारेबाजी के बावजूद उनके जन कल्याणकारी उपाय जारी रहेंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस उनके लिए मौत की कामना कर रही है क्योंकि "उसके पास कोई और विकल्प नहीं बचा है"। उन्होंने कहा, "नारे कितने ही लगा लो, कब्र तुम नहीं खोद पाओगे।" उन्होंने कहा कि करोड़ों लोगों, माताओं और बहनों का आशीर्वाद ही उनका कवच है।
उन्होंने कहा कि वे उन्हें रोजाना गालियां देते हैं क्योंकि वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि उनके जैसा एक गरीब आदमी सर्वोच्च पद पर कैसे आसीन है और अभी भी पद पर बना हुआ है।
मोदी ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल उनकी कब्र खोदना चाहते हैं क्योंकि उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाया, पूर्वोत्तर में हिंसा और आतंकवाद का अंत किया, नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई की और ऑपरेशन सिंदूर चलाया।
उन्होंने कहा, ''एक तरफ मैं देश के युवाओं के लिए नए रास्ते तैयार करने की कोशिश कर रहा हूं, वहीं कांग्रेस मोदी की कब्र खोदने का कार्यक्रम आयोजित कर रही है।''
प्रधानमंत्री ने कहा, ''क्या यह संविधान का अपमान नहीं है? क्या यह मानवता का अपमान नहीं है? क्या यह सार्वजनिक जीवन की गरिमा का अपमान नहीं है? (लेकिन) उन्हें इसका कोई अफसोस नहीं है।''
उन्होंने कहा कि 2014 में उनके सत्ता में आने के बाद से संसद का एक भी सत्र ऐसा नहीं रहा ''जब मोदी को गाली न दी गई हो।''
उन्होंने कहा कि अगर कोई उनसे उनकी सेहत के राज में पूछता, तो वह जवाब देते कि 'मैं रोज दो किलो गालियां खाता हूं।''
प्रधानमंत्री मोदी ने सवाल किया, "आप मोदी की कब्र क्यों खोदना चाहते हैं? यह सिर्फ एक नारा नहीं है। यह उनके भीतर छिपी नफरत का प्रतिबिंब है।"
मोदी ने कहा, "हम पाकिस्तानी आतंकवादियों को उनके घरों में घुसकर जवाब देते हैं। इसीलिए वे मोदी की कब्र खोदने की बात कर रहे हैं। हमने ऑपरेशन सिंदूर चलाया। इससे उन्हें परेशानी होती है और इसीलिए वे मोदी की कब्र खोदने की सोच रहे हैं। हम देश को माओवादी आतंक से मुक्त कराने के लिए साहसिक कदम उठा रहे हैं, क्या इसीलिए आप मोदी की कब्र खोदना चाहते हैं?"
प्रधानमंत्री ने कहा, "कांग्रेस की समस्या कुछ और है। वे यह पचा नहीं पा रहे हैं कि मोदी यहां तक कैसे पहुंचे। और उनकी समस्या बढ़ती जा रही है कि जब वह इस पद पर पहुँच गए, तो अब भी क्यों टिके हुए हैं? इसीलिए लगता है कि उनके पास मोदी की कब्र खोदने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है।"
उन्होंने कहा, ''कांग्रेस के शाही परिवार" को देश ने दशकों तक अवसर दिए, लेकिन उन्होंने केवल गरीबी उन्मूलन के नारे लगाए, कुछ नहीं किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने 25 करोड़ गरीब परिवारों को गरीबी से बाहर निकाला, 18,000 ऐसे गाँवों में बिजली पहुँचाई जहाँ कभी बिजली नहीं थी, "क्या इसीलिए वे मोदी की कब्र खोदना चाहते हैं?"
प्रधानमंत्री ने कहा, ''उनकी (कांग्रेस की) सरकार रिमोट से चलती थी। मेरी सरकार भी रिमोट कंट्रोल से चलती है। 140 करोड़ नागरिक मेरे रिमोट कंट्रोल हैं। 140 करोड़ देशवासियों के सपने, 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाएं। हम देश के युवाओं के संकल्प के लिए जीते हैं। सरकार उनके लिए है। सत्ता हमारे लिए खुशी का रास्ता नहीं है। सत्ता हमारे लिए सेवा का साधन है।''
भाषा अविनाश संतोष
संतोष
0502 2300 संसद