भाजपा, शिअद ने राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख से संबंधित पोस्ट को लेकर मान पर निशाना साधा
संतोष
- 03 Feb 2026, 11:03 PM
- Updated: 11:03 PM
चंडीगढ़, तीन फरवरी (भाषा) विपक्षी दलों भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने राधा स्वामी सत्संग ब्यास के प्रमुख गुरिंदर सिंह ढिल्लों से संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर मंगलवार को पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर निशाना साधा और कहा कि ऐसे आध्यात्मिक नेता के खिलाफ इस तरह की टिप्पणियां करना उन्हें शोभा नहीं देता।
मान ने किसी का नाम लिए बिना 'एक्स' पर लिखा, "चाहे कल बन जाएं, चाहे आज बन जाएं, उन अदालतों को रब बचाए, जहां जज दर्शक बन जाएं।"
डेरा ब्यास के प्रमुख ढिल्लों और ब्रिकम सिंह मजीठिया के बीच पटियाला की नयी नाभा जेल में मुलाकात के एक दिन बाद मुख्यमंत्री ने यह टिप्पणी की। ढिल्लों ने आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तार शिअद के नेता मजीठिया पर लगे आरोपों को गलत करार दिया है।
उच्चतम न्यायालय ने सोमवार को मजीठिया को जमानत दे दी थी और मंगलवार को वह जेल से रिहा हो गए।
जेल में मजीठिया से मुलाकात के बाद ढिल्लों ने पत्रकारों से कहा, "वह मेरा मित्र है और मैं उससे मिलने आया था।"
जब मजीठिया पर लगे मादक पदार्थ संबंधी आरोपों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सभी आरोप गलत हैं।
उन्होंने कहा, "अगर आपका कोई रिश्तेदार जेल में हो तो क्या आप उससे मिलने नहीं जाओगे?"
राधा स्वामी सत्संग अमृतसर शहर से लगभग 45 किलोमीटर दूर ब्यास नगर में स्थित है। देशभर में विशेषकर पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में इसके बड़ी संख्या में अनुयायी हैं।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता रवीनीत सिंह बुट्टू ने कहा, "सम्मान की सीमाओं को पार करना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने डेरा ब्यास के प्रमुख बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी के बारे में अत्यंत निंदनीय टिप्पणी की। इस प्रकार की बयानबाजी ने न केवल 'संगत' की भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, बल्कि उनके (मान) उच्च पद की गरिमा को भी धूमिल किया है।"
शिअद के प्रवक्ता अर्शदीप सिंह क्लेर ने भी मान की पोस्ट की आलोचना करते हुए कहा, "जब आप (भगवंत मान) डेरा प्रमुख के खिलाफ बोलते हैं, तो हमें यह ध्यान में रखना चाहिए कि जब भी अत्याचार बढ़ता है, तो 'संत महापुरुष' बोलते हैं। मान की पोस्ट उनकी निराशा को दर्शाती है।"
उन्होंने कहा कि मान की यह कथित टिप्पणी अदालत की अवमानना के समान है कि "केवल भगवान ही अदालतों को बचा सकता है।"
भाषा जोहेब संतोष
संतोष
0302 2303 चंडीगढ़