आयुष्मान भारत योजना लागू होती तो बंगाल की 90 प्रतिशत आबादी रह जाती वंचित : अभिषेक बनर्जी
धीरज
- 21 Jan 2026, 06:54 PM
- Updated: 06:54 PM
पुरुलिया, 21 जनवरी (भाषा) तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता अभिषेक बनर्जी ने बुधवार को दावा किया कि अगर पश्चिम बंगाल सरकार ने केंद्र सरकार की आयुष्मान भारत स्वास्थ्य बीमा योजना लागू की होती, तो पात्रता की सख्त शर्तों के कारण राज्य की 90 प्रतिशत से अधिक आबादी इसके लाभ से वंचित रह जाती।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्य के हालिया दौरे के दौरान केंद्रीय योजना के लागू न होने को लेकर तृणमूल सरकार पर निशाना साधा था। अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री के आरोपों का प्रत्यक्ष रूप से जिक्र किए बिना कहा कि बंगाल की अपनी 'स्वास्थ्य साथी' योजना सभी के लिए सुलभ है क्योंकि इसमें कोई शर्त नहीं हैं।
पुरुलिया जिले में आयोजित 'तृणमूल रण संकल्प सभा' को संबोधित करते हुए बनर्जी ने कहा, ''वे दावा करते हैं कि ममता बनर्जी सरकार ने बंगाल में आयुष्मान भारत योजना को रोक दिया है। मैं लोगों से कहना चाहता हूं कि अगर आपके पास स्मार्टफोन, टीवी, मोटरसाइकिल, रेडियो या यहां तक कि पक्की छत भी है, तो भी आप इस योजना के लिए अयोग्य हो जाएंगे। ये शर्तें मोदी सरकार ने तय की हैं।''
अभिषेक बनर्जी ने कहा, '' स्वास्थ्य साथी योजना में ऐसी कोई शर्त नहीं है, इसीलिए इसके लाभ सभी को मिलते हैं।''
पुरुलिया को राज्य की मुख्य विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का मजबूत गढ़ माना जाता है। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की नौ से छह सीट पर जीत हासिल की थी जिनमें काशीपुर निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल है जहां बनर्जी ने बुधवार को अपनी रैली आयोजित की।
अभिषेक बनर्जी ने कहा कि ममता बनर्जी प्रशासन ने तृणमूल को वोट देने वालों और न देने वालों के बीच कोई भेदभाव नहीं किया और राज्य की नकद रहित स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ पुरुलिया के सभी 28 लाख लोगों तक पहुंचाया।
अभिषेक ने कहा,''अगर बंगाल में आयुष्मान भारत योजना लागू होती, तो 10 करोड़ लोगों में से केवल 90 लाख लोग ही इस योजना का लाभ पाने के पात्र होते, जिससे शेष 9.1 करोड़ नागरिक वंचित रह जाते। दूसरी ओर, 'स्वास्थ्य साथी' योजना सभी 10 करोड़ लोगों के लिए उपलब्ध है। अब आप ही बताइए कि आपको क्या पसंद है, 'आयुष्मान भारत' या 'स्वास्थ्य साथी'?''
इसके पहले मालदा में 17 जनवरी को भाजपा की जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा था,''आज बंगाल एकमात्र ऐसा राज्य है जहां आयुष्मान भारत योजना लागू नहीं है। तृणमूल कांग्रेस सरकार बंगाल में मेरे भाइयों और बहनों को आयुष्मान योजना का लाभ उठाने से रोक रही है। बंगाल से ऐसी क्रूर और निर्दयी सरकार की विदायी जरूरी है।''
भाषा
संतोष धीरज
धीरज
2101 1854 पुरुलिया