दिल्ली विधानसभा : आम आदमी पार्टी के चार विधायक तीन दिन के लिए निलंबित
आशीष अविनाश
- 05 Jan 2026, 09:19 PM
- Updated: 09:19 PM
(फोटो सहित)
नयी दिल्ली, पांच जनवरी (भाषा) आम आदमी पार्टी (आप) के चार विधायकों को दिल्ली विधानसभा के शीतकालीन सत्र के शेष तीन दिन के लिए सोमवार को निलंबित कर दिया गया।
उपराज्यपाल वीके सक्सेना के अभिभाषण में बाधा डालने के लिए आप विधायकों संजीव झा, सोम दत्त, कुलदीप कुमार और जरनैल सिंह के खिलाफ कार्रवाई की गई।
साल के पहले सत्र की शुरुआत सक्सेना के अभिभाषण से हुई। वायु प्रदूषण के मुद्दे पर आप विधायकों के प्रदर्शन के कारण उनके संबोधन में व्यवधान पैदा हुआ। प्रदर्शन के बाद, विधानसभाध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने कई विपक्षी सदस्यों को सदन से बाहर निकालने का आदेश दिया।
उपराज्यपाल के अभिभाषण के दौरान, आम आदमी पार्टी के विधायकों ने मास्क पहन कर सदन के बाहर प्रदर्शन किया।
पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने इस प्रदर्शन की निंदा की और पूछा कि सत्ता में रहते हुए आम आदमी पार्टी ने क्या कदम उठाए थे।
सिरसा ने कहा, ‘‘आप विधायकों ने दो-दो लाख रुपये के मास्क खरीदे हैं। इससे साफ पता चलता है कि वे अपनी सेहत को लेकर कितने सजग हैं। सवाल यह है कि इन मास्क के लिए पचास से साठ लाख रुपये कहां से आए?"
उन्होंने कहा कि 11 वर्षों तक, जब आम आदमी पार्टी सत्ता में थी तो उसने लोगों को "बीमारियां" और "प्रदूषण" दिया।
राज्यपाल के अभिभाषण के बाद जब सदन की कार्यवाही फिर शुरू हुई, तो लोक निर्माण (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने चार विधायकों के निलंबन का प्रस्ताव रखा।
प्रस्ताव पढ़ते हुए सिंह ने कहा, “संजीव झा, कुलदीप कुमार, सोम दत्त और जरनैल सिंह को सदन में व्यवधान पैदा करने के कारण सत्र के शेष तीन दिन के लिए निलंबित किया जाना चाहिए।” सदन ने प्रस्ताव पारित कर दिया।
विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि आप विधायकों ने बिना किसी वैध कारण के सदन में हंगामा कर सदन और उपराज्यपाल का अपमान किया।
झा ने निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "जब उपराज्यपाल ने विधानसभा को संबोधित किया, तो विपक्ष के रूप में यह हमारी जिम्मेदारी थी कि हम सवाल करें कि प्रदूषण में 80 प्रतिशत की कमी का फार्मूला कहां है, प्रदूषण इतना गंभीर क्यों हो गया है, और दिसंबर सबसे प्रदूषित महीना क्यों साबित हुआ।"
उन्होंने विधानसभाध्यक्ष द्वारा निलंबित किए जाने की कार्रवाई को "बेहद शर्मनाक" बताया।
विधानसभा ने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री द्वारा पेश किए गए एक अन्य प्रस्ताव को पारित कर विधानसभा की बैठक के समय को बदलने का निर्णय लिया। अब सदन की बैठक दोपहर दो बजे के बजाय पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होगी।
भाषा आशीष