दिल्ली में जिम के मालिकाना हक को लेकर झड़प; एक व्यक्ति को पीटा, बेटे को निर्वस्त्र किया
खारी नरेश
- 05 Jan 2026, 05:11 PM
- Updated: 05:11 PM
नयी दिल्ली, पांच जनवरी (भाषा) पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में एक जिम के मालिकाना हक को लेकर हुए विवाद ने उस वक्त हिंसक रूप ले लिया जब एक व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई की गई, उसकी पत्नी के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई और उनके बेटे को सरेआम निर्वस्त्र कर पीटा गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य अभी फरार हैं।
पुलिस को इस घटना की सूचना दो जनवरी को पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) कॉल के जरिए मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्यों को घायल अवस्था में पाया, जिन्हें हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान सतीश के रूप में हुई है, जो पीड़ित परिवार के स्वामित्व वाले जिम में ‘केयरटेकर’ के तौर पर काम करता था। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
उसने बताया कि सतीश पर आरोप है कि उसने कथित तौर पर दंपति को धोखा देकर जिम पर कब्जा कर लिया था। इसी को लेकर दोनों पक्षों के बीच कई बार विवाद हुआ और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।
सोशल मीडिया पर प्रासरित हो रहे घटना के वीडियो में से एक में कम से कम चार लोग एक व्यक्ति को पीटते, उसके कपड़े उतारकर सार्वजनिक रूप से अपमानित करते और गिड़गिड़ाने के बावजूद उसके चेहरे पर बार-बार लात मारते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियों में एक आरोपी को पीड़ित को जूते से मारते देखा जा सकता है।
एक अन्य वीडियो में दिखाई दे रहा है कि हमले के दौरान मोटरसाइकिल पर पहुंचे दो पुलिसकर्मी पीड़ित को उसकी पैंट दे रहे हैं, जबकि आरोपी मौके पर ही मौजूद हैं।
इलाज के बाद शिकायतकर्ता और उसके परिवार के सदस्य पुलिस थाने पहुंचे, जहां उनके बयान दर्ज किए गए।
शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि सभी वीडियो की जांच की जा रही है ताकि घटनाक्रम और प्रत्येक आरोपी की भूमिका स्पष्ट की जा सके।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।
अधिकारी ने बताया कि जांच अधिकारी पीड़ित परिवार से लगातार संपर्क में हैं और हमले के पीछे के कारणों को समझने के लिए विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले में शामिल बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
भाषा
खारी