विमान टिकट के साथ तरह-तरह के ‘हिडेन चार्ज’ जोड़े जा रहे हैं: कांग्रेस सांसद
सुभाष वैभव
- 12 Dec 2025, 06:30 PM
- Updated: 06:30 PM
नयी दिल्ली, 12 दिसंबर (भाषा) कांग्रेस सांसद वर्षा एकनाथ गायकवाड़ ने विमान टिकट के साथ तरह-तरह के ‘हिडेन चार्ज’ जोड़े जाने का आरोप लगाते हुए शु्क्रवार को कहा कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का नाम बदलकर एक उद्योगपति के नाम पर रख देना चाहिए क्योंकि सब कुछ उन्हीं को सौंपा जा रहा है।
उन्होंने विमान किराये पर कांग्रेस सांसद शफी परांबिल द्वारा लोकसभा में लाए गए एक निजी संकल्प पर चर्चा में भाग लेते हुए कहा, ‘‘जैसे बैंक बिना बताए पैसों की कटौती करती है, उसी तरह एयरलाइन टिकट के साथ ‘हिडेन चार्ज’ लगाती हैं।’’
गायकवाड़ ने कहा, ‘‘मेरा सुझाव है कि एएआई का नाम बदलकर...रख देना चाहिए क्योंकि सब कुछ उन्हीं (एक उद्योगपति) को सौंपा जा रहा है। देश की संपत्ति को कर मुक्त अनुदान के नाम पर देने का काम हो रहा है।’’
मुंबई उत्तर-मध्य से कांग्रेस सांसद ने कहा कि एक निजी विमानन कंपनी ने अपने घाटे को पूरा करने के लिए अंतरराष्ट्रीय यात्रियों पर लगने वाले ‘यूजर डेवलपमंट शुल्क’ 175 रुपये से बढ़ाकर 3,856 रुपये करने का प्रस्ताव दिया है।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘क्या सरकार इस बढ़ोतरी को रोकने के लिए कुछ कर रही है या फिर उक्त निजी कंपनी की मनमानी चलने लगी है और मुंबई जैसे हवाई अड्डे को दुनिया का सबसे महंगा एयरपोर्ट बनाने में लगी है।’’
उन्होंने नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की 2023 की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि ‘उड़ान’ योजना के तहत 774 में 52 प्रतिशत मार्ग अब तक शुरू ही नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘लगभग 20 एयरलाइन बंद हो गईं या और उनका विलय हो गया।’’
कांग्रेस सांसद ने कहा कि आज एयरलाइन्स की ऐसी हालत हो गई है कि ज्यादातर उड़ानें कुछ ही एयरलाइन की परिचालित हो रही हैं और इन्हीं पर पूरी हवाई यात्रा निर्भर है।
उन्होंने हालिया ‘इंडिगो संकट’ का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘इसकी वजह से जो एकाधिकार हुआ है, उसे यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।’’
समाजवादी पार्टी के रमाशंकर राजभर ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि हवाई किराये के मनमाने और असामान्य उछाल के आंकड़ों के अनुसार, देश में कुछ मार्गों पर किराया 90 हजार रुपये तक पहुंच गया।
उन्होंने एएआई कर्मचारियों पर काम के बोझ का भी उल्लेख किया।
भाषा सुभाष