अरुणाचल प्रदेश में ट्रक के खाई में गिरने से असम के 18 लोगों की मौत, तीन लापता
यासिर सुरेश
- 11 Dec 2025, 10:20 PM
- Updated: 10:20 PM
तिनसुकिया/ईटानगर (असम), 11 दिसंबर (भाषा) अरुणाचल प्रदेश के एक सुदूर इलाके में एक ट्रक के खाई में गिरने से उसमें सवार असम के तिनसुकिया जिले के कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग लापता हैं। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) लेफ्टिनेंट कर्नल महेंद्र रावत ने दुर्घटना में एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति से प्राप्त सूचना के आधार पर बताया कि राज्य के पूर्वी हिस्से में स्थित अंजॉ जिले के हयूलियांग-चागलागम रोड पर यह दुर्घटना आठ दिसंबर को हुई। इस ट्रक पर तिनसुकिया जिले के 22 मजदूर सवार थे।
अरुणाचल प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव दानी सालू ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की एक टीम बृहस्पतिवार शाम को हयूलियांग से लगभग 10 किलोमीटर दूर एक क्षेत्र में पहुंची और मौसम अनुकूल रहने पर यह शुक्रवार को शवों को निकालने का अभियान शुरू करेगी।
रावत ने एक बयान में कहा कि यह दुर्गम इलाका चागलागम से लगभग 12 किलोमीटर दूर है और वहां संपर्क सीमित है तथा दुर्घटना की जानकारी किसी भी स्थानीय एजेंसी, ठेकेदार या नागरिक को नहीं थी। बयान के अनुसार, एकमात्र जीवित बचे व्यक्ति ने जब आपबीती सुनाई तभी इसकी जानकारी मिली।
उन्होंने कहा कि 18 शव देखे गए हैं।
सालू ने बताया कि यह दुर्घटना आठ दिसंबर की शाम या रात को हयूलियांग से चागलागम की ओर लगभग 40 किलोमीटर दूर घटी। हालांकि, जिला प्रशासन को 10 दिसंबर के दिन तक भी दुर्घटना के बारे में कोई जानकारी नहीं मिली।
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘दस दिसंबर की शाम के आसपास जीवित बचा एक व्यक्ति किसी तरह खाई से बाहर निकलना और पास के सीमा सड़क कार्य बल (बीआरटीएफ) के श्रम शिविर तक पहुंचा, जहां उसे तत्काल चिकित्सा सहायता दी गई।’’
इसके बाद बीआरटीएफ प्राधिकारियों ने जिले के उपायुक्त को सूचित किया।
सालू ने कहा कि लेकिन, देर रात होने, बेहद दुर्गम इलाके और मौसम के कारण उस रात बचाव कार्य करना असुरक्षित माना गया। एनडीआरएफ को तुरंत मदद के लिए अनुरोध भेजा गया था।
रक्षा मंत्रालय के पीआरओ रावत ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह सेना के स्पीयर कोर ने कई खोज और बचाव दल, चिकित्सा दल, जीआरईएफ प्रतिनिधि, स्थानीय पुलिस को सक्रिय किया।
उन्होंने कहा, ‘‘चार घंटे की गहन तलाश के बाद पूर्वाह्न 11 बजकर 55 मिनट पर ट्रक को ‘केएम 40’ के पास सड़क से लगभग 200 मीटर नीचे एक स्थान पर देखा गया। यह इलाका घने वृक्षों वाला है, इसलिए वाहन न तो सड़क दिखाई दे रहा था और न ही हेलीकॉप्टर से।’’
इससे पहले तिनसुकिया जिले के आयुक्त स्वप्निल पॉल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि उन्हें पूर्वाह्न करीब 11 बजे सूचना मिली थी, जिसके बाद उन्होंने पुष्टि के लिए अंजॉ और तेजू के जिला आयुक्तों से संपर्क किया।
घटनास्थल की ओर रवाना हो रहे तिनसुकिया क्षेत्राधिकारी जयदीप राजक ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘शुरुआती जानकारी के अनुसार ये मजदूर हयूलियांग में निजी ठेकेदार के लिए एक परियोजना में काम कर रहे थे। वे एक डंपर में यात्रा कर रहे थे जो गहरी खाई में गिर गया। बचाव अभियान जारी है।’’
तिनसुकिया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) मयंक कुमार ने बताया कि जिले के 22 मजदूर अरुणाचल प्रदेश में एक छात्रावास के निर्माण के लिए गए थे।
उन्होंने कहा, ‘‘वे गिलपुकरी चाय बागान के धेलाघाट निवासी थे।’’
कुमार ने बताया कि श्रमिकों में से एक बुधेश्वर दीप ने किसी तरह खाई से निकल बुधवार सुबह अपने रिश्तेदारों को फोन किया तब परिजनों को घटना की जानकारी मिली।
भाषा यासिर