कृषि विद्यार्थी तकनीक एवं नवाचारों के जरिए राष्ट्र निर्माण के ध्वजवाहक बनेंः सिंधिया
सं ब्रजेन्द्र राजकुमार
- 11 Dec 2025, 10:07 PM
- Updated: 10:07 PM
ग्वालियर, 11 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बृहस्पतिवार को कृषि क्षेत्र के विद्यार्थियों से डिग्री लेने के बाद तकनीक और नवाचारों के जरिए राष्ट्र निर्माण में सहयोग का आह्वान करते हुए कहा कि विकसित भारत की सपना तभी पूरा हो पाएगा, जब कृषि को डिजिटल, तकनीक और कृत्रिम मेधा (एआई) की शक्ति मिलेगी।
यहां राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के 11वें दीक्षांत समारोह में विद्यार्थियों को संबोधित करते केन्द्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने यह बात कही।
इस दीक्षांत समारोह में स्नातक के 257, स्नातकोत्तर के 256 एवं पीएचडी के 30 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इसके साथ ही विश्वविद्यालय की चार छात्राओं को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह में मध्यप्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री एदल सिंह कंसाना, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, कृषि वैज्ञानिक चयन मंडल नई दिल्ली के अध्यक्ष डॉ. संजय कुमार, विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. अरविंद कुमार शुक्ला एवं विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह शामिल हुए।
सिंधिया ने विद्यार्थियों से कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प तभी पूरा होगा, जब कृषि को डिजिटल, तकनीक और एआई की शक्ति मिलेगी। उपाधि प्राप्त करने वाले छात्र इस दिशा में आगे आएं।’’
उन्होंने कहा कि नौजवानों के लिये वर्तमान समय सबसे अनुकूल है क्योंकि भारत अंतरिक्ष से लेकर तकनीक के क्षेत्र में इतिहास रच रहा है।
उन्होंने कहा कि छात्रों को इसका फायदा उठाना चाहिए।
उन्होंने छात्रों को सफलता के लिए दृष्टि, सहयोग और संवेदनशीलता के तीन सूत्र बताए तथा कहा कि वे एक अच्छी टीम गठित कर किसी भी कार्य को बेहतर ढंग से पूरा कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इन सबके लिये करुणा एवं संवेदनशीलता भी जरूरी है।
बाद में संवाददाताओं से बातचीत में सिंधिया ने कहा कि आज भारत दूध उत्पादन में दुनिया में पहले नंबर पर है जबकि फल और सब्जी उत्पादन में दूसरे तथा अनाज उत्पादन में तीसरे स्थान पर है।
उन्होंने कहा, "हमारे अन्नदाता सिर्फ 140 करोड़ भारतीयों का ही नहीं बल्कि दुनिया का पेट भर रहे हैं।"
इस अवसर पर सिंधिया ने अपनी दादी राजमाता स्वर्गीय विजयाराजे सिंधिया को याद करते हुए कहा कि राजमाता ने राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ अपना संपूर्ण जीवन समाज के कमजोर वर्गों और ग्रामीण उत्थान के लिए समर्पित किया।
इस अवसर पर कृषि मंत्री कंसाना ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एवं मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में दोनों सरकारें किसानों के कल्याण के लिये पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं।
उन्होंने कहा, "कृषि के क्षेत्र में नई-नई तकनीक लाई जा रही हैं। साथ ही किसान हितैषी योजनाओं के जरिए किसानों को आगे बढ़ाया जा रहा है।"
भाषा सं ब्रजेन्द्र