कोलकाता मेट्रो के 20 किमी का काम भूमि अधिग्रहण सहित अन्य मुद्दों के कारण रुका हुआ है: वैष्णव
सुभाष अविनाश
- 03 Dec 2025, 07:49 PM
- Updated: 07:49 PM
नयी दिल्ली, तीन दिसंबर (भाषा) रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को संसद को बताया कि कोलकाता और उसके आसपास चार मेट्रो कॉरिडोर के तहत 52 किलोमीटर का खंड निर्माणाधीन है, जिसमें से 20 किलोमीटर का काम भूमि अधिग्रहण और उपयोगिता बदलाव जैसे मुद्दों के कारण रुका हुआ है।
मंत्री ने लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में इन चार गलियारों की स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि पहले गलियारे में, 7.74 किलोमीटर लंबा जोका-माजेरहाट खंड पर परिचालन शुरू हो गया है, जबकि 6.26 किमी लंबे माजेरहाट से एस्प्लेनेड खंड का शेष कार्य शुरू हो गया है।
वैष्णव ने कहा कि कॉरिडोर पर खिदरपुर मेट्रो स्टेशन के लिए, राज्य सरकार ने जुलाई में पांच साल बाद उपयोगिता बदलाव और सड़क यातायात ‘डायवर्जन’ के लिए मंजूरी दी, लेकिन इस कॉरिडोर पर एस्प्लेनेड मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए रक्षा भूमि पर बीसी रॉय मार्केट में अनधिकृत 528 दुकानों का अस्थायी स्थानांतरण साढ़े तीन साल से अधिक समय से लंबित है।
न्यू गरिया और दमदम हवाई अड्डे को जोड़ने वाले 32 किलोमीटर लंबे गलियारे का विवरण देते हुए, वैष्णव ने बताया कि 9.8 किलोमीटर लंबे न्यू गरिया-बेलघाटा खंड पर परिचालन शुरू कर दिया गया है वहीं बेलघाटा से दमदम हवाई अड्डे (22.2 किमी) तक का काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने 18 किमी लंबे नोआपारा-बारासात मेट्रो कॉरिडोर के बारे में बताया कि 6.77 किमी लंबे नोआपारा-जय हिंद हवाई अड्डा खंड का काम पूरा हो चुका है और जय हिंद हवाई अड्डा से माइकल नगर तक कार्य प्रगति पर है।
उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, न्यू बैरकपुर से बारासात (7.5 किमी) तक का काम भूमि अधिग्रहण और अतिक्रमण के कारण रुका हुआ है।’’
वैष्णव ने कहा कि इसी तरह, 14.5 किलोमीटर दक्षिणेश्वर-बारानगर-बैरकपुर मेट्रो कॉरिडोर में, बारानगर-दक्षिणेश्वर (2 किमी) खंड चालू हो गया है जबकि राज्य सरकार की ओर से उपयोगिता हस्तांतरण लंबित होने के कारण बारानगर से बैरकपुर तक का काम रुका हुआ है।
मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि कोलकाता में मेट्रो परियोजना 1972 में शुरू हुई थी और 42 वर्षों में केवल 28 किमी पर परिचालन शुरू हो पाया। हालांकि, पिछले 11 वर्षों (2014 से 2025 तक) में 45 किमी खंड पर परिचालन शुरू किया गया है।
भाषा सुभाष