बुजुर्ग से साढ़े तीन लाख रुपये लूटने पर तीन लोग गिरफ्तार
राजकुमार नरेश
- 01 Dec 2025, 05:14 PM
- Updated: 05:14 PM
नयी दिल्ली, एक दिसंबर (भाषा) बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में एक बुजुर्ग से 3.5 लाख रुपये लूटने के आरोप में एक गिरोह के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है । पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
उसने बताया कि इस गिरोह के सदस्य ग्राहक बनकर बैंक में अपने शिकार की पहचान कर लेते थे।
पुलिस उपायुक्त (बाहरी उत्तरी) हरेश्वर स्वामी ने बताया कि 27 नवंबर को जब यह बुजुर्ग एक बैंक की बुराड़ी शाखा से 3.5 लाख रुपये निकालकर जा रहे थे तब दो मोटरसाइकिल पर सवार पांच लोग उनके पीछे लग गये तथा बवाना-नरेला इलाके में एक सुनसान जगह पर उन्हें रोककर उनके पैसे लूट लिए।
इस घटना के सिलसिले में मामला दर्ज किया गया । पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाला तथा मोबाइल रिकॉर्ड और निगरानी के आधार पर जांच की।
पुलिस ने बताया कि तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी पहचान पूर्व गोकलपुरी के करण (21), मंडोली एक्सटेंशन के सचिन (22) और उत्तर प्रदेश के चांदीनगर के आकाश (24) के तौर पर हुई है।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान तीनों ने कथित तौर पर बताया कि लूट की योजना दो फरार साथियों – मास्टरमाइंड लवली और मोहन उर्फ गांधी – के साथ मिलकर बनाई गई थी। लवली और गांधी अब भी फरार हैं।
जांचकर्ताओं को जांच के दौरान पता चला कि गिरोह के सदस्य बैंक के अंदर ग्राहक बनकर संभावित शिकार की पहचान करते थे।
पुलिस ने कहा कि दो लोग बैंक के अंदर बुजुर्ग के पीछे लगे रहे ताकि यह पक्का हो सके कि उनके पास बड़ी रकम नकद है, फिर गिरोह ने उनका पीछा किया और एक सुनसान जगह पर उनपर हमला किया।
पुलिस ने गिरफ्तार किये गये लोगों से 58000 रुपये बरामद किये हैं। उसे करण और सचिन के घरों से क्रमश: 6,000 रुपये और 22,000 रुपये मिले तथा एक स्थानीय साहूकार के पास से 30,000 रुपये बरामद किए। करण ने कर्ज चुकाने के नाम पर यह रकम साहूकार को दी थी।
जुर्म में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी ज़ब्त कर ली गई है। आरोपी ने कथित रूप से पुलिस को बताया कि चोरी की रकम सभी पांच सदस्यों में बांट ली गई थी, जिसमें से 58,000 रुपये मोहन को और 57,000 रुपये लवली को दिए गए थे।
पुलिस ने कहा कि फरार संदिग्धों का पता लगाने, बाकी नकदी बरामद करने और दूसरी मोटरसाइकिल का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
भाषा राजकुमार