बेंगलुरु में बीपीओ कर्मचारियों के अपहरण के मामले में आठ लोग गिरफ्तार
प्रचेता दिलीप
- 23 Nov 2025, 06:05 PM
- Updated: 06:05 PM
बेंगलुरु, 23 नवंबर (भाषा) पुलिस ने बेंगलुरु की एक बीपीओ कंपनी के चार प्रबंधक-स्तर के उन कर्मचारियों को मुक्त लिया है, जिन्हें कथित तौर पर आठ लोगों के एक गिरोह ने पुलिसकर्मी बनकर अगवा कर लिया था। पुलिस ने इस मामले में एक पुलिस कांस्टेबल सहित सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कथित तौर पर कंपनी के संचालन प्रबंधक से 8.90 लाख रुपये की जबरन वसूली की थी और उनसे और अधिक पैसों की मांग कर रहे थे।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार मध्यरात्रि के आसपास हुई और ज्यादातर आरोपी कोलार के रहने वाले हैं।
सूत्रों ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में से एक व्यक्ति कोलार में पुलिस कांस्टेबल है। उन्होंने बताया कि इस मामले में जांच जारी है।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों ने दावा किया था कि वे साइबर अपराध की जांच करने वाले पुलिसकर्मी हैं।
अपहृत बीपीओ प्रबंधकों को कोलार जिले के मलूर में बंधक बनाकर रखा गया था।
रविवार को पत्रकारों से बात करते हुए गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बताया कि कोरमंगला मामले में गिरफ्तारियां की गई हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार पुलिस कांस्टेबल, मालूर टाउन पुलिस थाने में तैनात है।
गृह मंत्री ने कहा कि विभाग में सतर्क रहने के लिए निर्देश दिए जाएंगे और ऐसे मामलों में शामिल पुलिस कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक एवं कानूनी कार्रवाई करते हुए कठोर कदम उठाया जाएगा।
बेंगलुरु दक्षिण-पूर्व की पुलिस उपायुक्त(डीसीपी) सारा फातिमा ने शनिवार को पत्रकारों को बताया, ‘‘शुक्रवार की रात एक बजे, पुलिस बनकर पहुंचे आठ लोग कोरामंगला थाना क्षेत्र के एक बीपीओ में काम करने वाले चार प्रबंधक-स्तर के कर्मचारियों को पूछताछ के बहाने अपने साथ ले गए और उनका अपहरण कर लिया।’’
डीसीपी ने बताया कि अपहरणकर्ताओं ने अपहृत व्यक्तियों से पैसे की मांग की और कंपनी के एक व्यक्ति(संचालन प्रबंधक) को मजबूर किया कि वह ऑनलाइन माध्यम से आरोपियों से संबंधित चार बैंक खातों में पैसे (8.90 लाख रुपये) अंतरित करें। साथ ही उन्होंने नकद के रूप में और अधिक पैसों की भी मांग की।
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि पुलिस को शनिवार की सुबह 4:30 बजे यह शिकायत प्राप्त हुई और मामले का पता लगाने के लिए तत्काल चार टीम गठित की गईं।
उन्होंने बताया कि सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और अपहरण में इस्तेमाल किए गए दो वाहन जब्त किए गए हैं।
उन्होंने कहा, "आरोपियों ने जितना हो सके उतना पैसा ऐंठने की कोशिश की। उन्होंने नकदी की मांग की थी और पैसे भिजवाने के लिए फोन पर लोकेशन साझा करने का प्रयास किया था, लेकिन हमने इससे पहले ही आरोपी अपहरणकर्ताओं को पकड़ लिया।"
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए अधिकतर आरोपी कोलार जिले के रहने वाले हैं और विभिन्न प्रकार की नौकरियां करते हैं। डीसीपी ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में और अधिक विवरण के लिए जांच की जाएगी।
भाषा प्रचेता