अमेरिका में ‘शटडाउन’ के कारण 40 हवाई अड्डों पर उड़ानों में कटौती
एपी सुभाष धीरज
- 06 Nov 2025, 10:26 PM
- Updated: 10:26 PM
वाशिंगटन, छह नवंबर (एपी) एयरलाइनों को वितरित की गई एक सूची के अनुसार, अमेरिका में न्यूयॉर्क, लॉस एंजिलिस और शिकागो सहित कुल 40 हवाई अड्डों पर सरकारी ‘शटडाउन’ के कारण शुक्रवार से उड़ानें कम हो जाएंगी।
संघीय विमानन प्रशासन (एफएए) ने बुधवार को घोषणा की कि वह यात्रा सुरक्षा बनाए रखने के लिए 40 हवाई अड्डों पर वायु यातायात को 10 प्रतिशत तक कम करेगा, क्योंकि ‘शटडाउन’ (सरकारी कामकाज के लिए वित्तपोषण की कमी) के कारण हवाई यातायात नियंत्रकों पर तनाव के संकेत दिखाई दे रहे हैं।
प्रभावित होने वाले हवाई अड्डों में अमेरिका के सबसे व्यस्त हवाई अड्डे आते हैं, जिनमें अटलांटा, डेनवर, डलास, ऑरलैंडो, मियामी और सैन फ्रांसिस्को शामिल हैं। न्यूयॉर्क, ह्यूस्टन और शिकागो जैसे कुछ सबसे बड़े शहरों में कई हवाई अड्डे प्रभावित होंगे।
एफएए उन हवाई यातायात नियंत्रकों पर दबाव कम करने के लिए उड़ानों में कटौती कर रहा है जो ‘शटडाउन’ के दौरान बिना वेतन के काम कर रहे हैं और लगातार काम से छुट्टी ले रहे हैं।
नियंत्रकों को पहले ही एक वेतन नहीं मिल पाया है और अगले सप्ताह भी उन्हें कुछ नहीं मिलने वाला है क्योंकि ‘शटडाउन’ लंबा खिंच रहा है और उन पर वित्तीय दबाव बढ़ रहा है।
एफएए उड़ानों में देरी कर रहा है क्योंकि हवाई अड्डों या उसके अन्य प्रतिष्ठानों में नियंत्रकों की कमी है।
एयरलाइनों ने कहा कि वे यात्रियों पर पड़ने वाले प्रभाव को कम से कम करने की कोशिश करेंगी।
यूनाइटेड एयरलाइंस ने कहा कि वह 737 जैसे छोटे विमानों का उपयोग करने वाले छोटे क्षेत्रीय मार्गों पर उड़ानों में कटौती पर ध्यान केंद्रित करेगी।
यूनाइटेड एयरलाइंस और डेल्टा एयरलाइंस, दोनों ने कहा है कि वे उन यात्रियों को रकम वापसी की पेशकश करेंगी जो यात्रा नहीं करना चाहते, भले ही उन्होंने ऐसे टिकट खरीदे हों जिनका आमतौर पर रिफंड नहीं होता।
विशेषज्ञों का अनुमान है कि सैकड़ों नहीं, बल्कि हज़ारों उड़ानें रद्द हो सकती हैं।
एक अक्टूबर से ‘शटडाउन’ शुरू होने के बाद से वायु यातायात नियंत्रक बिना वेतन के काम कर रहे हैं।
सरकारी खर्चों के लिए जब पैसा खत्म हो जाता है, तो संसद से पैकेज को मंजूरी दिलानी होती है और ऐसा नहीं होने पर ‘शटडाउन’ लागू हो जाता है।
एपी सुभाष