हरियाणा चुनाव में भाजपा व निर्वाचन आयोग के ‘खेल’ को राहुल गांधी ने उजागर किया: अशोक गहलोत
पृथ्वी खारी
- 05 Nov 2025, 09:38 PM
- Updated: 09:38 PM
जयपुर, पांच नवंबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन करते हुए बुधवार को कहा कि राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और निर्वाचन आयोग द्वारा मिलकर की गई लोकतंत्र की हत्या को उजागर कर दिया है।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने निर्वाचन आयोग पर आरोप लगाया है कि उसने भाजपा को 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में जीतने में मदद की।
गांधी के संवाददाता सम्मेलन पर प्रतिक्रिया देते हुए गहलोत ने यहां कहा, ‘‘नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हरियाणा चुनाव में भाजपा और निर्वाचन आयोग द्वारा मिलकर की गई लोकतंत्र की हत्या को आज उजागर कर दिया है। यह सिर्फ चोरी नहीं, बल्कि दिनदहाड़े भाजपा व निर्वाचन आयोग की मिलीभगत से की गई डकैती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हरियाणा में कांग्रेस भाजपा से केवल 22,000 वोटों से हारी, जबकि करीब 25 लाख वोटों का फर्जीवाड़ा राहुल गांधी ने पकड़ा है। इसमें सवा पांच लाख फर्जी वोट, 93 हजार फर्जी पते वाले वोट और सवा 19 लाख वोट ऐसे हैं जो एक ही पते पर दर्ज हैं।’’
गहलोत ने कहा, ‘‘इतने पुख्ता सबूतों के बावजूद अब निर्वाचन आयोग को स्पष्टीकरण देना चाहिए। लेकिन निर्वाचन आयोग ने इन गड़बड़ियों को छिपाने के लिए 12 राज्यों में एसआईआर शुरू कर दी है। एसआईआर पर उच्चतम न्यायालय में सुनवाई जारी है, फिर एक ‘सब-ज्यूडिश’ (विचाराधीन) मामले का फैसला आने से पहले निर्वाचन आयोग को इतनी जल्दबाजी क्यों है?’’
उन्होंने कहा, ‘‘आयोग की नीयत और नीति, दोनों ही सही नहीं हैं। भाजपा और निर्वाचन आयोग दोनों मिलकर जनमत की हत्या कर रहे हैं।’’
इस बीच, गहलोत ने जयपुर में एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर का दौरा किया और हरमाड़ा डंपर दुर्घटना में घायल मरीजों से मुलाकात की। उन्होंने अब तक मुआवजे की घोषणा न करने के लिए राज्य सरकार की आलोचना की।
उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार को इस हादसे में जान गंवाने वालों और घायलों के लिए राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए। साथ ही, आगे इस तरह के हादसे न हों, इसके लिए पुख्ता इंतज़ाम किए जाने चाहिए।’’
सोमवार को जयपुर के हरमाड़ा इलाके में एक डंपर ने कम से कम 17 वाहनों को टक्कर मार दी थी, जिसमें कम से कम 13 लोगों की मौत हो गई थी।
भाषा पृथ्वी