राजग ‘विकसित बिहार’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध: अमित शाह
पारुल माधव
- 31 Oct 2025, 08:29 PM
- Updated: 08:29 PM
नयी दिल्ली, 31 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में ‘विकसित बिहार’ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
शाह ने यह बात सत्तारूढ़ राजग के बिहार विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी करने के बाद कही।
घोषणापत्र में एक करोड़ युवाओं को रोजगार देने, एक करोड़ ‘लखपति दीदी’ बनाने, चार शहरों में मेट्रो ट्रेन सेवाएं शुरू करने और राज्य में सात अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे विकसित करने सहित कई अन्य वादे किए गए हैं।
शाह ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मोदी जी और नीतीश जी के नेतृत्व में राजग ‘विकसित बिहार’ के निर्माण के लिए कृतसंकल्पित है। आज राजग ने बिहार के हर वर्ग तक विकास की पहुंच को गति देने के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया है।”
गृह मंत्री ने कहा कि राजग बिहार के सभी युवाओं को रोजगार देने, किफायती ऋण उपलब्ध कराने, हर जिले में फैक्टरी स्थापित करने, राज्य में 10 नये औद्योगिक पार्क बनाने और उद्योगों से पलायन का स्थायी समाधान निकालने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा, “आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईबीसी) के लिए 10 लाख रुपये तक की सहायता, अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के बच्चों के लिए प्रत्येक उप-मंडल में आवासीय विद्यालय, 50 लाख नये पक्के मकान और 125 यूनिट मुफ्त बिजली - इनके जरिये राजग सुशासन के नये मानदंड स्थापित करने के लिए तैयार है।”
शाह ने कहा कि राजग सरकार अब बिहार में विरासत से विज्ञान और शिक्षा से लोक कल्याण तक एक नयी छलांग लगाने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि राजग का घोषणापत्र ‘विकसित बिहार’ इस दिशा में एक रूपरेखा के रूप में काम करेगा।
शाह ने कहा, “मिथिला मेगा टेक्सटाइल पार्क, मेगा टेक सिटी और फिनटेक सिटी, विश्वस्तरीय मेडिसिटी और स्पोर्ट्स सिटी के साथ, बिहार हर क्षेत्र में नवाचार का केंद्र बन जाएगा, जबकि मां जानकी मंदिर, विष्णुपद, महाबोधि कॉरिडोर और रामायण, जैन एवं बौद्ध सर्किट तथा एक लाख हरित ‘होमस्टे’ बिहार के धार्मिक स्थलों को विश्व पर्यटन के केंद्रों में बदल देंगे।”
उन्होंने कहा कि इसके साथ ही बाढ़ प्रबंधन बोर्ड और ‘फ्लड टू फॉर्च्यून’ की स्थापना से बिहार बाढ़ मुक्त हो सकेगा।
भाषा पारुल