प्रियंका ने की अमेठी में कांग्रेस कार्यालय के बाहर खड़ी गाड़ियों की तोड़फोड़ की घटना की निंदा
सं सलीम जफर शोभना
- 07 May 2024, 12:23 AM
- Updated: 12:23 AM
अमेठी/रायबरेली (उप्र) छह मई (भाषा) कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को अमेठी के गौरीगंज क्षेत्र में कांग्रेस कार्यालय के बाहर खड़े करीब एक दर्जन वाहनों में कथित तोड़फोड़ की घटना की निंदा की।
अमेठी के फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरने के बाद पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी प्रत्याशी किशोरी लाल शर्मा ने 40 साल तक अमेठी की सेवा की है।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘अमेठी के लोग सभ्य हैं, वहां सभ्यता और परंपरा है.... जो कुछ भी हुआ वह सभ्यता से परे है।’’
अमेठी के गौरीगंज में कांग्रेस कार्यालय के बाहर खड़ी गाड़ियों में कथित तौर पर तोड़फोड़ किये जाने का मामला सामने आया है। कांग्रेस ने इस घटना के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को जिम्मेदार ठहराया है।
कांग्रेस के जिला प्रवक्ता अनिल सिंह ने सोमवार को बताया कि कांग्रेस के गौरीगंज स्थित कार्यालय के बाहर खड़ी करीब एक दर्जन गाड़ियों पर कुछ अराजक तत्वों ने हमला कर तोड़फोड़ की। एक कार से आए छह लोगों ने इस घटना को अंजाम दिया है।
उन्होंने भाजपा पर इस हमले का आरोप लगाते हुए कहा कि यह भाजपा की छटपटाहट का परिणाम है।
सिंह ने बताया कि घायल लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने बताया कि कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कल रात सूचना दी थी कि गौरीगंज स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर खड़ी गाड़ियों पर पथराव कर उनके शीशे तोड़ दिए गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों को मौके पर भेजा गया और पुलिस बल तैनात किया गया।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में सद्दाम हुसैन नामक व्यक्ति ने तहरीर दी है कि उसकी गाड़ी का शीशा तोड़ा गया और फेंके गए पत्थर से उसके सिर में चोट लगी है।
सिंह ने बताया कि इस मामले में गौरीगंज थाने में सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपियों की पहचान की जा रही है। उसके आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने आरोप लगाया कि यह घटना पुलिस की उदासीनता का नतीजा है और वह इसके खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत करेंगे।
रायबरेली से राहुल गांधी का मुकाबला भाजपा नेता दिनेश प्रताप सिंह से है ।
अमेठी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के केएल शर्मा, भाजपा की केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को चुनौती दे रहे हैं ।
अमेठी और रायबरेली में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा।
भाषा सं सलीम जफर