चिराग ने गाजे-बाजे के साथ हाजीपुर से नामांकन पत्र दाखिल किया
राजकुमार
- 02 May 2024, 09:53 PM
- Updated: 09:53 PM
(तस्वीरों के साथ)
पटना/हाजीपुर, दो मई (भाषा) लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान ने धूमधाम के साथ बृहस्पतिवार को हाजीपुर लोकसभा सीट से अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
जमुई संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद चिराग पासवान ने इसबार अपने दिवंगत पिता रामविलास पासवान के पुराने संसदीय क्षेत्र हाजीपुर में उनके उत्तराधिकारी के रूप में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए यहां से चुनाव मैदान में उतरे हैं। राम विलास पासवान ने हाजीपुर लोकसभा सीट से कई बार निर्वाचित हुए थे।
चिराग पासवान ने जमुई संसदीय क्षेत्र से इसबार अपने बहनोई अरूण भारती को चुनावी मैदान में उतारा है।
पिछली बार दिवंगत पूर्व केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के छोटे भाई पशुपति कुमार पारस ने हाजीपुर लोकसभा सीट से चुनाव जीता था।
लोक जनशक्ति पार्टी रामविलास पासवान ने बनाई थी । चिराग पासवान पार्टी में विभाजन होने से उसका नेतृत्व कर रहे थे। अब वह लोजपा (रामविलास) के प्रमुख हैं।
रामविलास पासवान के देहांत के बाद पार्टी के अधिकांश सांसद पारस के साथ अलग होकर एक नया गुट बना लिया।
पार्टी में विभाजन के बाद केंद्र में मंत्री बनाए गए पारस हालांकि हाजीपर सीट से ही चुनाव लडने पर अडे़ हुए थे पर राजग का नेतृत्व कर रही भाजपा ने लोकसभा चुनाव से पहले चिराग पासवान का समर्थन करने का फैसला किया।
बिहार में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए चिराग के नामांकन पत्र दाखिल करने के समय हाजीपुर में उपस्थित थे जिनमें पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय शामिल हैं।
नामांकन पत्र दाखिल करने के पूर्व हाजीपुर में भारी भीड़ ने चिराग का स्वागत किया जहां उन्होंने एक रोड शो भी किया।
इससे पूर्व अपने पटना आवास से निकलने से पहले चिराग पासवान ने पूजा-अर्चना की और मां रीना ने गले लगाकर उन्हें नामांकन के लिए जाने के वास्ते रवाना किया ।
इस अवसर पर पासवान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं अपने पिता को बहुत याद कर रहा हूं। यह पहली बार है जब मुझे उनकी अनुपस्थिति में नामांकन पत्र दाखिल करना होगा। वह 2014 और 2019 दोनों बार मुझे आशीर्वाद देने के लिए वहां (जमुई) थे।’’
भाषा अनवर