केरल महापौर विवाद: केएसआरटीसी की बस से ‘मेमोरी कार्ड’ गायब
देवेंद्र मनीषा
- 01 May 2024, 05:41 PM
- Updated: 05:41 PM
तिरुवनंतपुरम, एक मई (भाषा) केरल पुलिस ने बुधवार को कहा कि तिरुवनंतपुरम की महापौर आर्या राजेंद्रन और राज्य परिवहन निगम के एक बस चालक के बीच जारी विवाद में एक महत्वपूर्ण सबूत, बस के सीसीटीवी कैमरे का ‘मेमोरी कार्ड’ गायब है।
कैंट थाने के पुलिसकर्मियों की एक टीम ने यहां केरल राज्य पथ परिवहन निगम (केएसआरटीसी) की डिपो में खड़ी बस की जांच की, लेकिन इस विवाद में महत्वपूर्ण सबूत माने जा रहे मेमोरी कार्ड को बरामद नहीं कर सकी।
पलायम चौराहे पर बस को अवरुद्ध करने के बाद शनिवार रात केएसआरटीसी बस चालक के साथ महापौर और उनके परिवार की तीखी बहस हो गई थी।
महापौर ने एक शिकायत में आरोप लगाया है कि चालक ने उनके और उनके परिवार के साथ दुर्व्यवहार किया। उन्होंने दावा किया कि चालक ने लापरवाही की और जब बस उनकी कार को पीछे से टक्कर मारने वाली थी तो उन्होंने हस्तक्षेप किया।
बस चालक एच. एल. यदु ने हालांकि उनके द्वारा लगाए गए आरोपों को खारिज किया है।
एक पुलिस अधिकारी ने मीडिया से कहा, ‘‘रिकॉर्ड किए गए दृश्यों के साथ 64 जीबी का एक मेमोरी कार्ड बस में होना चाहिए था। बस के अंदर तीन कैमरे हैं। लेकिन मेमोरी कार्ड गायब है।’’
चालक का कहना है कि कैमरा पूरी यात्रा के दौरान चालू था और इस घटना के बाद भी काम कर रहा था। उन्होंने यह भी संदेह जताया कि किसी ने इसे हटा दिया होगा।
उन्होंने टीवी चैनलों से कहा, ‘‘कुछ यात्रियों ने पूरी घटना रिकॉर्ड कर ली थी, लेकिन महापौर के विधायक पति सचिन देव ने उन पर सब कुछ डिलीट करने का दबाव डाला’’
उन्होंने कहा कि अधिकारी मेमोरी कार्ड बरामद करें क्योंकि यह साबित करने के लिए महत्वपूर्ण सबूत है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है।
इस बीच कांग्रेस विधायक एम विंसेंट ने आरोप लगाया कि मेमोरी कार्ड शायद केएसआरटीसी अधिकारी ले गये होंगे। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘बस अब तक केएसआरटीसी के संरक्षण में है। पुलिस भी असली दोषियों को बचाने का काम कर रही है। उन्होंने बस में सवार यात्रियों के बयान भी दर्ज नहीं किए हैं।’’
विंसेंट ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस को महापौर और उनके पति की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और गृह विभाग से स्पष्ट निर्देश था।
भाषा
देवेंद्र