थरूर के खिलाफ उम्मीदवार उतार कर वाम दलों ने गलती की: प्रकाश राज
नोमान दिलीप
- 22 Apr 2024, 07:14 PM
- Updated: 07:14 PM
तिरुवनंतपुरम 22 अप्रैल (भाषा) अभिनेता प्रकाश राज ने सोमवार को कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाले एलडीएफ ने कांग्रेस नेता शशि थरूर के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करके गलती की।
प्रकाश राज को विभिन्न सामाजिक-राजनीतिक मुद्दों पर वाम समर्थक रुख अपनाने के लिए जाना जाता है।
राज ने थरूर की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हें अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक नेता भी सुनते हैं।
उन्होंने कहा कि वामपंथियों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के "जाल" में नहीं फंसना चाहिए था, जो चाहती है कि दोनों धर्मनिरपेक्ष मोर्चे आपस में लड़ें, ताकि मतों को विभाजन हो और वह लाभ प्राप्त कर सके।
यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए अभिनेता ने कहा, "मैं वामपंथी उम्मीदवार (भाकपा नेता पन्नियन रवींद्रन) को जानता हूं। वह एक अच्छे इंसान और अच्छे नेता हैं। लेकिन मुझे लगता है कि थरूर के खिलाफ उम्मीदवार खड़ा करके वामपंथियों ने गलती की है।"
उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों के बजाय देश के हित के बारे में सोचना जरूरी है।
प्रकाश राज ने कहा कि थरूर ने पिछले 15 वर्षों में जो काम किया है, उसे नज़रअंदाज नहीं किया जा सकता। उन्होंने तिरुवनंतपुरम के मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे उन्हें निराश न करें।
उन्होंने भाजपा के नेतृत्व वाले राजग के तिरुवनंतपुरम से उम्मीदवार एवं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर के खिलाफ भी आरोपों की झड़ी लगा दी।
प्रकाश राज ने आरोप लगाया कि भाजपा नेता (जाहिर तौर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का जिक्र)'राजावु' (राजा) के खिलाफ कुछ भी नहीं बोल सकते । अभिनेता ने कहा कि चंद्रशेखर राज्य (कर्नाटक के) के गरीब किसानों के लिए प्रति व्यक्ति 500 रुपये सूखा राहत की भी मांग नहीं कर सके।
प्रकाश राज कर्नाटक के रहने वाले हैं, जिसका चंद्रशेखर राज्यसभा में प्रतिनिधित्व करते हैं।
उन्होंने कहा कि कर्नाटक में 10 साल तक कोई काम नहीं करने के बाद, चंद्रशेखर अब तिरुवनंतपुरम आए हैं और "विकास" का वादा कर रहे हैं।
प्रकाश राज ने चंशेखर द्वारा निर्वाचन आयोग के समक्ष प्रस्तुत उस हलफनामे का भी उपहास उड़ाया, जिसमें वर्ष 2021-2022 के लिए उनकी कर योग्य आय महज 680 रुपये बताई गई है।
उन्होंने कहा कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि करोड़ों रुपये की संपत्ति का मालिक केंद्रीय मंत्री उनसे गरीब कैसे हो सकता है।
भाषा नोमान