उप्र: बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री योगी समेत कई नेताओं ने श्रद्धांजलि दी
जितेंद्र
- 09 Jun 2026, 06:02 PM
- Updated: 06:02 PM
लखनऊ, नौ जून (भाषा) उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई प्रमुख नेताओं ने स्वतंत्रता सेनानी एवं जनजातीय गौरव के प्रतीक बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर मंगलवार को उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
योगी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''अंग्रेजी शासन के अन्याय के विरुद्ध जनजातीय स्वाभिमान को नई ऊर्जा एवं 'उलगुलान' के अमर उद्घोष से भारत के स्वाधीनता संघर्ष को नई दिशा देने वाले 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन।''
उन्होंने कहा, ''त्याग, तप और राष्ट्रनिष्ठा से आलोकित आपका जीवन भारत के लिए अमर प्रेरणा है।''
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''महान स्वतंत्रता सेनानी और जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन।'' उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने संदेश में कहा, ''महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, जनजातीय गौरव के प्रतीक एवं 'धरती आबा' भगवान बिरसा मुंडा जी के बलिदान दिवस पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि।''
मौर्य ने कहा, ''जल, जंगल, जमीन और जनजातीय अस्मिता के सजग प्रहरी भगवान बिरसा मुंडा जी ने अन्याय तथा विदेशी शासन के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंककर आदिवासी समाज में स्वाभिमान व अधिकारों की चेतना जागृत की।''
उन्होंने कहा, ''अल्पायु में ही मातृभूमि, समाज और संस्कृति की रक्षा के लिए दिया गया उनका सर्वोच्च बलिदान भारतीय इतिहास में सदैव अमर रहेगा। उनका साहस, नेतृत्व और जनसेवा का भाव आज भी हमें सामाजिक न्याय, स्वाभिमान और राष्ट्रहित के लिए समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।''
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी, आदिवासी संस्कृति और अस्मिता के रक्षक एवं उन्नायक, अद्भुत समाज सुधारक तथा महान क्रांतिकारी भगवान बिरसा मुंडा जी की पुण्यतिथि पर उन्हें कोटि-कोटि नमन।''
कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री अजय राय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''धरती आबा बिरसा मुंडा जी के बलिदान दिवस पर कोटिशः नमन।''
बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर, 1875 को वर्तमान झारखंड में हुआ था।
उन्होंने ब्रिटिश शासन के विरुद्ध आदिवासी आंदोलन का नेतृत्व किया और 19वीं सदी के उत्तरार्द्ध में हुए ऐतिहासिक आदिवासी विद्रोह 'उलगुलान' के वह प्रमुख नायक थे।
मुंडा का नौ जून, 1900 को निधन हुआ था।
आदिवासी समाज के अधिकारों, स्वाभिमान और सांस्कृतिक अस्मिता की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को भारतीय इतिहास में विशेष स्थान प्राप्त है।
भाषा आनन्द धीरज जितेंद्र
जितेंद्र
0906 1802 लखनऊ